पांच जिलों के एससी-एसटी परिसीमन की जन सुनवाई
पांच जिलों के एससी-एसटी परिसीमन की जन सुनवाई
आयुक्त सभागार में आज जमघट
---------------------
-भारत निर्वाचन आयोग के मुख्य निर्वाचन आयुक्त संग अफसरों का डेरा
जागरण संवाददाता, वाराणसी : भारत निर्वाचन आयोग की ओर से मीरजापुर, चंदौली, गाजीपुर, देवरिया व सोनभद्र जिले में अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति परिसीमन की आपत्तियों से जुड़े मसले की 'जन सुनवाई' 26 दिसंबर को सुबह 10 से एक बजे तक की जाएगी।
जन सुनवाई के लिए निर्वाचन आयोग के मुख्य निर्वाचन अधिकारी पीएस सम्पत संग निर्वाचन आयुक्त एचएस ब्रह्मा, निर्वाचन आयुक्त डा. नसीम जैदी, उप निर्वाचन आयुक्त आर बालाकृष्णन, कानूनी सलाहकार एसके मेंदीरत्ता, प्रमुख सचिव (परिसीमन आयोग) संगारा राम, सचिव सुमित मुखर्जी, उप सचिव एसके दास, अनुभाग अधिकारी वीडी अरोरा, सहायक सतीश कुमार व चमन लाल शर्मा के साथ अफसरों की टीम यहां बुधवार को पहुंच गई। आयोग के अफसरों की आगवानी के लिए उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी उमेश सिनहा व अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी आलोक तिवारी, उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी रमेशचंद्र राय व विशेष कार्याधिकारी अतीक अहमद ने एक दिन पहले से यहां डेरा डाल रखा है।
--------------------
आपत्तिकर्ता जनप्रतिनिधि होंगे शामिल
उप जिला निर्वाचन अधिकारी व अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) अजय अवस्थी ने बताया कि जन-सुनवाई में संबंधित जिले के जिलाधिकारियों व प्रस्तावित परिसीमन पर आपत्ति करने वालेजन प्रतिनिधियों को भी आमंत्रित किया गया है। संबंधित अफसरों के यहां ठहरने की व्यवस्था सर्किट हाउस के साथ ही विभिन्न होटलों में की गई है।
-----------------
संग्रहालय देखा, मंदिर में टेका मत्था
भारत निर्वाचन आयोग के मुख्य निर्वाचन अधिकारी पीएस सम्पत ने बुधवार को देर शाम सारनाथ स्थित पुरातात्विक खंडहर परिसर संग प्राचीन स्मारक, धमेख स्तूप को देखा। इस दौरान मूलगंध कुटी बौद्ध मंदिर, धर्मराजिका स्तूप, पंचायतन स्तूप का अवलोकन करने के साथ ही धमेख स्तूप की परिक्रमा की। इसी क्रम में विश्वनाथ मंदिर व संकट मोचन मंदिर में जाकर दर्शन-पूजन किया और बाबा के दरबार में मत्था टेका। टीम के कुछ अफसर गंगा सेवा निधि की आरती में शामिल हुए, सुशांत मिश्र ने स्वागत किया।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर
Comments
Post a Comment